My Hindi Forum

My Hindi Forum (http://myhindiforum.com/index.php)
-   India & World (http://myhindiforum.com/forumdisplay.php?f=27)
-   -   Latest N e w s (एकदम ताज़ा ख़बरें) (http://myhindiforum.com/showthread.php?t=3539)

Dark Saint Alaick 19-12-2011 07:54 PM

Re: एकदम ताज़ा ख़बरें
 
डेनेल हथियार सौदा: सीबीआई ने बयान दर्ज करने के लिए ताजा तारीखें मांगी

नई दिल्ली। सीबीआई ने राजग सरकार के शासनकाल में हथियारों की खरीदारी में कथित भ्रष्टाचार की जांच के सम्बंध अपने अधिकारियों की दक्षिण अफ्रीका यात्रा के लिए वहां की सरकार से ताजा तारीखें मांगी हैं। यह अधिकारी वहां की सरकारी हथियार निर्माता कंपनी डेनेल के कार्यकारियों के बयान दर्ज करने जाएंगे। सूत्रों ने बताया कि एजेंसी ने इससे पहले अप्रैल-मई में अपने अधिकारियों की यात्रा के लिए दक्षिण अफ्रीका सरकार से आग्रह किया था, लेकिन यह नहीं हो सका। इसके बाद कूटनीतिक माध्यम से ताजा आग्रह भेजा गया है। सूत्रों ने बताया कि सीबीआई ने हथियार सौदे में भ्रष्टाचार के सम्बंध में 2005 में डेनेल के अनामित अधिकारियों, उसके ब्रिटिश एजेंट और भारतीय रक्षा मंत्रालय के अधिकारियों के खिलाफ मामला दर्ज किया था। यह मामला ऐंटी मैटरियल राइफलों की आपूर्ति के लिए डेनेल से करार हासिल करने के एवज में आइल आॅफ मैन में आधारित वारास ऐसोसिएट्स को 12.75 प्रतिशत का कमीशन की अदायगी के आरोपों से जुड़ा है। उल्लेखनीय है कि यह हथियारों की खरीदारी में एजेंटों को शामिल करने पर लगे प्रतिबंध के उल्लंघन में हुआ। इन आरोपों के बाद डेनेल सौदे से राजनीतिक तूफान उठ खड़ा हुआ कि हथियारों और गोला-बारूद के लिए भारतीय सेना से करार हासिल करने के लिए दक्षिण अफ्रीकी कंपनी ने वरास ऐसोसिएट्स को धन अदायगी की थी। ये करार एक जुलाई 1999 की 98 हजार राउंड गोलियों के साथ 100 एएमआर की खरीदारी, 20 मार्च 2002 की एक लाख राउंड गोलियों के साथ 100 एएमआर की खरीदारी और 27 मार्च 2002 की एक लाख राउंड गोलियों के साथ 100 एएमआर की खरीदारी के सम्बंध में हैं।

Dark Saint Alaick 19-12-2011 08:13 PM

Re: एकदम ताज़ा ख़बरें
 
केबल नेटवर्क संबधी विधेयक को संसद की मंजूरी

नयी दिल्ली ! संसद ने आज केबल टेलीविजन नेटवर्क (विनियमन) संशोधन विधेयक को मंजूरी प्रदान कर दी। इस विधेयक के प्रावधानों के तहत देश में डिजिटलीकरण की प्रक्रिया वर्ष 2014 तक पूरी होगी जिससे दर्शकों को बेहतर प्रसारण, ‘फ्री टू एयर’ चैनलों की सुविधा मिलने के साथ साथ केबल प्रचालकों को भी फायदा होगा।

राज्यसभा ने आज चर्चा के बाद केबल नेटवर्क (विनियमन) संशोधन विधेयक को ध्वनिमत से मंजूरी प्रदान कर दी। लोकसभा इसे पहले ही मंजूरी प्रदान कर चुकी है। इससे पूर्व विधेयक पर हुई चर्चा के जवाब में सूचना एवं प्रसारण मंत्री अंबिका सोनी ने कहा कि इस विधेयक का प्राथमिक लाभ दर्शकों को मिलेगा जिन्हें नियामक संस्था ट्राई द्वारा निर्धारित की गई दरों पर फ्री टू एयर चैनल सहित तमाम चैनलों का प्रसारण मुहैया कराया जायेगा।

समय-समय पर होने वाले खेल आयोजनों सहित तमाम विशेष कार्यक्रमों के दौरान केबल प्रचालकों द्वारा मनमाना शुल्क वसूलने की सदस्यों की शिकायत के बारे में उन्होंने कहा कि मौजूदा विधेयक के तहत यह कीमतें छह महीने के लिए तय की जायेंगी जिससे बीच बीच में मनमाने तरीके से शुल्क वसूले जाने की शिकायतों का निवारण होगा।

Dark Saint Alaick 19-12-2011 11:41 PM

Re: एकदम ताज़ा ख़बरें
 
राजा ने राशन की तरह बांटे स्पेक्ट्रम : प्रत्यक्षदर्शी

नयी दिल्ली ! अभियोजन पक्ष के एक प्रत्यक्षदर्शी ने आज दावा किया कि पूर्व दूरसंचार मंत्री ए. राजा तमिलनाडु में राशन वितरित करने से जुड़ी ‘पहले आओ-पहले पाओ’ की व्यवस्था एवं स्पेक्ट्रम के आवंटन में अलौकिक समानता देखते थे और अपने विभाग के अधिकारियों के समक्ष इन दोनों की तुलना भी करते थे।

2 जी स्पेक्ट्रम मामले में अभियोजन पक्ष के प्रत्यक्षदर्शी ने दिल्ली की एक अदालत में यह दावा किया। विशेष सीबीआई न्यायाधीश ओ पी सैनी के समक्ष बतौर गवाह पेश हुए राजा के पूर्व अतिरिक्त निजी सचिव असीवर्थम अचारी ने कहा कि दूरसंचार के विभाग के अधिकारियों से राजा स्पेक्ट्रम लाइसेंस बांटने के तरीके की तुलना अपने गृह राज्य में राशन की दुकानों के बाहर लगी भीड़ से करते थे।

Dark Saint Alaick 19-12-2011 11:44 PM

Re: एकदम ताज़ा ख़बरें
 
खाद्य सुरक्षा विधेयक से पहले लोकपाल को पारित किया जाए : टीम अन्ना

नयी दिल्ली ! टीम अन्ना ने मांग की है कि संसद में खाद्य सुरक्षा विधेयक से पहले लोकपाल विधेयक को पारित किया जाना चाहिए ताकि खाद्य सुरक्षा पर खर्च होने वाले पैसे का दुरुपयोग नहीं हो सके। टीम अन्ना के सदस्य अरविंद केजरीवाल ने कहा, ‘‘लोकपाल विधेयक को खाद्य सुरक्षा विधेयक से पहले पारित किया जाना चाहिए। ऐसी स्थिति में खाद्य सुरक्षा के लिए पैसे दिए जाने का कोई मतलब नहीं होगा, नहीं तो पैसे विभिन्न दलों, मंत्रियों और अधिकारियों की जेब में जाएंगे।’’

उन्होंने कहा कि माना जा रहा है कि खाद्य सुरक्षा पर एक लाख करोड़ रुपये का खर्च आएगा और दिवंगत प्रधानमंत्री राजीव गांधी का कहना था कि सिर्फ 15 फीसदी पैसे जनता तक पहुंचते हैं। केजरीवाल ने कहा, ‘‘इसका मतलब यह है कि सिर्फ 15 हजार करोड़ जनता तक पहुंचेंगे और 85 हजार करोड़ रुपये भ्रष्टाचार की भेंट चढ जाएंगे । खाद्य सुरक्षा विधेयक तब तक जनता की सुरक्षा नहीं कर सकेगा जब तक लोकपाल विधेयक को पारित नहीं कर दिया जाता।’’

इस बीच हजारे आज दिल्ली आने की अपनी योजना में बदलाव करते हुए अपने पैतृक गांव रालेगण सिद्धि के लिए रवाना हो गये जहां वह अगले तीन-चार दिन रुकेंगे। हजारे के करीबी सहयोगी सुरेश पठारे ने कहा कि हजारे रालेगण सिद्धि पहुंच गये हैं और अगले तीन से चार दिन यहां रुकेंगे।

हजारे ने आज अपना हैदराबाद का कार्यक्रम रद्द कर दिया और वह इन अटकलों के बीच दिल्ली जाना चाहते थे कि संसद में लोकपाल विधेयक पेश किया जा सकता है। 74 वर्षीय हजारे संसद में लोकपाल विधेयक पेश किये जाते वक्त दर्शक दीर्घा में बैठना चाहते हैं।

उधर टीम अन्ना की सदस्य किरण बेदी ने कहा कि सीबीआई को स्वतंत्र करने में सीबीआई की अनिच्छा उसके अतीत को बचाने के लिहाज से दिखाई देती है। उन्होंने कहा, ‘‘लोग सीबीआई को प्रभावशाली बनाने की मांग कर रहे हैं ्र न कि उसे विभाजित करने की। सीबीआई के बिना कैसा लोकपाल? फिर लोकपाल की क्या जरूरत है। सरकार का मजबूत लोकपाल से क्या आशय है। अन्ना ने किसके लिए अनशन किया?’’

Dark Saint Alaick 20-12-2011 05:09 PM

Re: एकदम ताज़ा ख़बरें
 
1 Attachment(s)
प्रचार पाने के लिए कुछ नहीं किया, सिर्फ आराम कर रही थी : वीना

http://myhindiforum.com/attachment.p...1&d=1324386556

मुंबई। पाकिस्तान की विवादास्पद अभिनेत्री वीना मलिक ने खुद के अचानक ‘लापता’ होने पर कहा है कि यह उन्होंने प्रचार पाने के लिए नहीं किया था, बल्कि वह एक होटल में आराम कर रही थीं। वीना ने कहा, ‘‘यह प्रचार पाने का स्टंट नहीं था। कोई व्यक्ति 15 दिनों में दो बार इस तरह का स्टंट नहीं कर सकता।’’ उन्होंने कहा, ‘‘मैं बीते कुछ दिनों से नाखुश थी। मैंने अश्मित और अपनी मां को फोन किया। उनको मैंने बताया कि मैं एक होटल में आराम करने जा रही हूं क्योंकि मेरी सेहत ठीक नहीं है।’’ कुछ दिनों पहले ही पत्रिका ‘एफएचएम’ के मुख्य पृष्ठ पर वीना की एक निर्वस्त्र तस्वीर छपी थी और इसमें उनकी बांह पर आईएसआई लिखा एक टैटू भी बना था। इससे खासा विवाद खड़ा हुआ।

Dark Saint Alaick 20-12-2011 05:12 PM

Re: एकदम ताज़ा ख़बरें
 
जापान ने चीन, अमेरिका के साथ त्रिपक्षीय वार्ता का प्रस्ताव रखा


वाशिंगटन ! जापान ने चीन और अमेरिका के साथ त्रिपक्षीय वार्ता का प्रस्ताव रखा, जिसका अमेरिका ने समर्थन किया है। अमेरिकी विदेश मंत्री हिलेरी क्लिंटन ने कहा, ‘‘जापान के विदेश मंत्री कोईचीरो गेम्बा ने हाल ही में जापान, चीन और हमारे बीच त्रिपक्षीय वार्ता का प्रस्ताव रखा है। अमेरिका इसका समर्थन करता है।’’

हिलेरी का यह बयान उस दिन आया जब अमेरिका, भारत और जापान के कूटनीतिकों ने अपनी पहली त्रिपक्षीय वार्ता शुरू की है। गेम्बा और हिलेरी के संयुक्त संवाददाता सम्मेलन के दौरान गेम्बा ने कहा, ‘‘एशिया-प्रशांत क्षेत्र में स्थिरता सुनिश्चित करने के लिए जापान, अमेरिका और चीन के बीच विश्वास और सहयोग जरूरी है। इस लिहाज से मैंने हिलेरी के सामने तीनों देशों के बीच एक त्रिपक्षीय वार्ता शुरू करने का प्रस्ताव रखा जिसे उन्होेंने स्वीकार कर लिया।’’

Dark Saint Alaick 20-12-2011 05:14 PM

Re: एकदम ताज़ा ख़बरें
 
मिस्र की महिलाएं एससीएएफ के दुर्व्यवहार के विरोध में करेंगी प्रदर्शन

काहिरा ! मिस्र में महिला प्रदर्शनकारियों के खिलाफ सशस्त्र बलों के दुर्व्यवहार को लेकर देश की महिलाएं आज व्यापक विरोध प्रदर्शन करने जा रही हैं। मिस्र में एक हालिया प्रदर्शन के दौरान सशस्त्र बलों की सर्वोच्च परिषद (एससीएएफ) ने महिलाओं के साथ जो सलूक किया था उसके खिलाफ अपनी नाराजगी जाहिर करने के लिए आज महिलाएं मध्य काहिरा के तहरीर चौक में एकत्र होंगी। महिला पत्रकार भी समीप ही अपनी यूनियन का धरना आयोजित करेंगी और वहां से समीप स्थित तहरीर चौक तक जुलूस निकालेंगी। इस प्रदर्शन की थीम होगी, ‘‘उसके कपड़े खींच कर नहीं निकाले गए बल्कि एससीएएफ का सच उजागर हुआ।’’ यह स्पष्ट नहीं है कि प्रदर्शन में कितनी महिलाएं भाग लेंगी लेकिन प्रदर्शन का आह्वान फेसबुक पर किया गया और इसका व्यापक स्वागत किया गया।

फेसबुक पर वह वीडियो भी डाला गया, जिसमें बुर्काधारी एक महिला प्रदर्शनकारी को सशस्त्र बल के जवान घसीटते, उसके कपड़े उतारते और फिर उसे बुरी तरह पीटते नजर आ रहे हैं। इस वीडियो में एक लड़की को बेहोश अवस्था में जमीन पर पड़े दिखाया गया है। वह जीन्स और अंत:वस्त्रों में है। उसकी मदद के लिए आगे आए एक पुलिसकर्मी की भी बुरी तरह पिटाई की गई और उसके घुटने में गोली मार दी गई। जब विदेशी संवाददाताओं ने वहां मौजूद अधिकारी अदेल ओमारा से इस बारे में सवाल पूछा तो उन्हें जवाब मिला कि महाअभियोजक मामले की जांच कर रहे हैं। आज आयोजित प्रदर्शन मार्च में हुस्नी मुबारक को सत्ता से हटाए जाने के बाद एससीएएफ द्वारा महिला प्रदर्शनकारियों का कौमार्य परीक्षण किए जाने के विरोध में भी है। मिस्र में 2005 में प्रस्तावित संवैधानिक सुधारों के खिलाफ प्रदर्शन शुरू हुए और तब से वहां के सुरक्षा बलों द्वारा महिला प्रदर्शनकारियों का चरणबद्ध तरीके से कथित यौन उत्पीड़न किया गया है।

Dark Saint Alaick 20-12-2011 05:16 PM

Re: एकदम ताज़ा ख़बरें
 
रूस ने भगवद गीता विवाद पर अफसोस जताया

मास्को ! साइबेरिया में हिंदू धर्मग्रंथ भगवद् गीता पर पाबंदी की मांग को लेकर खड़े हुए विवाद पर रूस ने अफसोस जताते हुए कहा है कि इस पवित्र ग्रंथ को अदालत में ले जाना अस्वीकार्य है। भारत में रूस के राजदूत अलेक्जेंदर एम कादाकिन ने आज रात एक बयान में कहा, ‘‘यह अजीब बात है कि साइबेरिया के खूबरसूरत शहर तोमस्क में इस तरह की घटनाएं हो रही हैं। यह अपनी धर्मनिरपेक्षता और सहिष्णुता के लिए विख्यात रहा है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘यह दुखद है। मैं इसे पूरी तरह अस्वीकार करता हूं कि पवित्र ग्रंध को अदालतों के ले जाया जाए।’’ उधर, रूस की एक अदालत ने भगवद् गीता पर प्रतिबंध लगाने की मांग पर अपना फैसला 28 दिसंबर तक के लिए टाल दिया। ईसाई आर्थोडोक्स चर्च से जुड़े एक संगठन ने गीता को ‘चरमपंथी’ ग्रंथ करार दिया है।

साइबेरियाई शहर तोमस्क की एक अदालत द्वारा फैसला टालने के बाद इस्कॉन के साधु प्रिय दास ने पीटीआई से कहा, ‘‘फैसला 28 दिसंबर तक के लिए टाल दिया गया है क्योंकि इस्कॉन की स्थानीय इकाई के वकील ने अदालत से रूसी लोकपाल और रूस में इंडोलाजी के मुख्य केन्द्र मास्को तथा सेंट पीटर्सबर्ग के विशेषज्ञों से राय लेने की मांग की।’’

इससे पहले रूस के लोकपाल (औम्बुड्समैन) व्लादिमीर लुकिन ने अपना बयान जारी करके घोषणा की थी कि इस्कॉन के संस्थापक ए. सी. भक्तिवेदांता स्वामी द्वारा लिखित ‘भगवद् गीता एज इट इज’ विश्व भर में प्रतिष्ठित पुस्तक है और रूस में इस पर प्रतिबंध लगाने की मांग अस्वीकार है।

Dark Saint Alaick 20-12-2011 05:17 PM

Re: एकदम ताज़ा ख़बरें
 
जापान ने ईरान से तेल आयात पर रोक लगाने से किया इनकार

वाशिंगटन ! अमेरिकी यात्रा पर आए जापान के विदेश मंत्री ने वॉशिंगटन के रूख से असहमति जताते हुए कहा कि उनका देश ईरान से तेल का आयात करना बंद नहीं करेगा।

अमेरिका की विदेश मंत्री हिलेरी क्लिंटन से बातचीत के बाद जापानी विदेश मंत्री कोइचीरो गेम्बा ने ईरान के परमाणु कार्यक्रम के मद्देनजर उसके संस्थानों पर जापान द्वारा लगाए गए प्रतिबंधों के बारे में बताया। हिलेरी और गेम्बा की बातचीत उत्तर कोरिया पर केंद्रित थी। बहरहाल, गेम्बा ने कहा, ‘‘मेरा मानना है कि यदि ईरान से कच्चे तेल के आयात पर रोक लगायी गयी तो उसका प्रभाव पूरे विश्व की अर्थव्यवस्था पर पड़ने का खतरा है।’’

गौरतलब है कि अंतरराष्ट्रीय परमाणु उर्जा एजेंसी समेत अनेक संगठनों द्वारा ईरान पर परमाणु कार्यक्रम को आगे बढाने के आरोप लगाने के बाद अमेरिका और यूरोपीय देश ईरान पर वैश्विक दबाव बढाने की कोशिश कर रहे हैं।

Dark Saint Alaick 20-12-2011 05:18 PM

Re: एकदम ताज़ा ख़बरें
 
कोलकाता स्थित जूता फैक्ट्री में लगी भयंकर आग

कोलकाता ! शहर के तिलजला इलाके में जूता बनाने वाली एक फैक्ट्री में भीषण आग लग गयी जिस पर आज सुबह तक काबू नहीं पाया जा सका। अधिकारियों ने बताया कि जूता फैक्ट्री के गोदाम में रात दस बज कर करीब 50 मिनट पर आग लगने का पता चला। यहां पर रबड़ और चमड़े जैसे समानों को रखा गया था। हालांकि यहां से किसी तरह के जान-माल के नुकसान की खबर नहीं है।

अग्निशमन अधिकारियों ने बताया कि दो मंजिला यह फैक्ट्री आग आग से पूरी तरह जल चुकी है। उन्होंने बताया कि सीएन रोड पर स्थित इस इमारत में लगी आग पर काबू पाने के लिए 20 दमकल गाड़ियों को लगाया गया लेकिन आज सुबह तक इस पर काबू नहीं पाया जा सका।

मुख्यमंत्री ममता बनर्जी मध्यरात्रि के बाद जहाजरानी राज्यमंत्री मुकुल रॉय, पुलिस आयुक्त आर. के. पंचनंद और राज्य आपदा प्रबंधन मंत्री जावेद खान के साथ घटनास्थल पर पहुंची। बनर्जी ने अग्निशमन अधिकारियों को निर्देश दिया कि हालात पर काबू पाने के लिए अधिकतम संभावित प्रयास करें।


All times are GMT +5. The time now is 11:20 PM.

Powered by: vBulletin
Copyright ©2000 - 2024, Jelsoft Enterprises Ltd.
MyHindiForum.com is not responsible for the views and opinion of the posters. The posters and only posters shall be liable for any copyright infringement.