कमलेश शर्मा फिर चुने गए राष्ट्रमंडल के महासचिव
पर्थ ! भारतीय राजनयिक कमलेश शर्मा को आज फिर से 54 देशों के राष्ट्रमंडल समूह का महासचिव चुन लिया गया। उनका अगला कार्यकाल अप्रैल, 2012 से आरंभ होगा। राष्ट्रमंडल देशों के प्रमुखों (चोगम) की बैठक के समापन के मौके पर भारत ने 70 साल के शर्मा का नाम दूसरे कार्यकाल के लिए प्रस्तावित किया। पाकिस्तान ने इसका अनुमोदन किया। सभी देशों ने इस पर सहमति जताई। आस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री जूलिया गिलार्ड ने शर्मा को उनके दोबारा चुने पर बधाई दी। इस मौके पर शर्मा ने कहा, ‘‘मैं राष्ट्रमंडल के नेताओं की ओर से जताए गए भरोसे के लिए उनका आभारी हूं।’’
अपनी उम्र के बारे में शर्मा ने कहा, ‘‘जिंदगी में यह मायने नहीं रखता कि आप कितनी उम्र के हैं। यह मायने रखता है कि आपकी सोच कितनी नयी है।’’ शर्मा को 2007 में यूगांडा की राजधानी कंपाला में हुए शिखर सम्मेलन के दौरान महासचिव चुना गया था। उन्होंने एक अप्रैल, 2008 को न्यूजीलैंड के सर डॉन मैककिनॉन का स्थान लिया था। इससे पहले शर्मा ब्रिटेन में भारत के उच्चायुक्त रह चुके हैं। उस दौरान वह राष्ट्रमंडल की गतिविधियों में शामिल थे। वर्ष 2002 से 2004 तक शर्मा तिमोर में संयुक्त राष्ट्र महासचिव के विशेष दूत थे। 1988 से 1990 तक वह जिनिवा में संयुक्त राष्ट्र के दूत और स्थायी प्रतिनिधि भी रहे। इसके अलावा उन्होंने कई अन्य राजनयिक दायित्वों का भी निर्वहन किया। (चित्र में ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री जूलिया गिलार्ड के साथ कमलेश शर्मा !)