स्टीव जॉब्स से हमारी सकारात्मक प्रतिस्पर्धा थी : बिल गेट्स
वाशिंगटन ! माइक्रोसॉफ्ट के संस्थापक बिल गेट्स ने अपने बारे में एप्पल के दिवंगत सह संस्थापक स्टीव जॉब्स द्वारा की गई कुछ तीखी आलोचनाओं को दरकिनार करते हुए कहा कि उन दोनों के बीच सकारात्मक व्यवसायिक प्रतिस्पर्धा थी। गेट्स ने एबीसी टेलीवीजन पर एक साक्षात्कार में यह बात कही। दरअसल, एप्पल के प्रवर्तक से लंबे समय तक प्रतिस्पर्धा में शामिल गेट्स से वाल्टर इसाकसन द्वारा लिखी गई जॉब्स की अधिकृत जीवनी के बारे में पूछा गया था। इसाकसन ने अपनी पुस्तक में जॉब्स की तुलना गेट्स से की है।
माइक्रोसॉफ्ट के संस्थापक बिल गेट्स से कल एबीसी ने कहा ‘‘जॉब्स ने मुख्य रूप से कहा है कि आप नीरस हैं और कभी भी किसी चीज का आविष्कार नहीं किया तथा अन्य लोगों के विचारों को बेशर्मी से चुराया। इस पर आपकी क्या प्रतिक्रिया है?’’ गेट्स ने कहा, ‘‘स्टीव और मैंने एक साथ काम किया, आप जानते हैं,...मैक बनाया। इसके लिए हमारे पास अधिक लोग थे, इसके लिए महत्वपूर्ण सॉफ्टवेयर तैयार किया।’’ उन्होंने कहा कि आप जानते हैं कि हमने 30 साल तक साथ काम किया। गेट्स ने कहा, ‘‘उनका उत्पाद इतना महंगा था कि सचमुच में वह बाजार में टिका नहीं होगा। इसलिए हम बड़े पैमाने पर उत्पाद बनाने में सफल रहे। आप जानते हैं कि कीमतों के विभिन्न स्तर थे क्योंकि हमने कई कंपनियों के साथ काम किया। यह मुश्किल था।’’ उन्होंने कहा, ‘‘इसलिए उन्होंने :जॉब्स ने: कई बार घिरा हुआ महसूस किया। उन्हें लगता था कि वह अच्छे हैं और हम बुरे लोग हैं, आप जानते हैं, यह बहुत स्वभाविक है।’’ गेट्स ने एबीसी से कहा, ‘‘आप जानते हैं मैं स्टीव का सम्मान करता हूं। हमने साथ काम किया। हमने एक दूसरे को प्रेरित किया यहां तक कि प्रतियोगी के रूप में भी। लेकिन इन सभी बातों ने मुझे कभी परेशान नहीं किया।’’ गौरतलब है कि जॉब्स लंबे समय तक कैंसर से जूझते रहे और 56 वर्ष की आयु में हाल ही में उनका निधन हो गया।