पुतिन वर्ष 2012 में फिर राष्ट्रपति पद संभालने के लिए तैयार
मास्को ! रूस के सत्तारूढ दल यूनाईटेड रसिया की ओर आज राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार घोषित किये जाने के बाद व्लादिमीर पुतिन ने अगले साल रिकार्ड तीसरी बार इस पद पर ताजपोशी के लिए कमर कस ली है। इस कदम से वह 2024 तक सत्ता में रह सकते हैं और सबसे लंबे समय तक देश की सेवा करने वाले नेता बन सकते हैं। पुतिन (59) ने यहां पार्टी कांग्रेस में कहा, ‘‘राष्ट्रपति पद के चुनाव के लिए मैदान में उतरने के लिए नामजद करने पर मैं राष्ट्रपति दमित्री अनोतोलिविच मेदवदेव और यूनाइटेड रसिया कांग्रेस का आभारी हूं। मैं इस पेशकश को स्वीकार करता हूं। ’’
इससे पहले यूनाइटेड रसिया के अध्यक्ष बोरिस गराइजलोव ने घोषणा की थी कि पार्टी प्रधानमंत्री (पुतिन) का नाम राष्ट्रपति पद क लिए आगे बढने पर सहमत है। मौजूदा राष्ट्रपति दमित्री मेदवेदव सितंबर में ही दूसरे कार्यकाल के प्रयास से पीछे हटने और अपने राजनीतिक गुरू पुतिन के साथ जिम्मेदारियों की अदलाबदली पर पर सहमत हा गए थे । आज की घोषणा के साथ ही मेदवेदेव अब महज नाममात्र के राष्ट्रपति रह गए हैं।