ममता बनर्जी
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी। तीन दशकों से भी ज्यादा समय तक बंगाल पर राज करने वाले लेफ्ट को उखाड़ फेंकने वाली ममता बनर्जी भारतीय राजनीति में इतना प्रभाव रखती हैं कि देश के इतिहास में पहली बार एक रेलमंत्री को रेल बजट पेश करते ही मंत्रालय से बाहर करवा देती हैं। अमेरिका की टाइम मैगज़ीन ममता बनर्जी को विश्व के 100 सबसे ज्यादा प्रभावशाली व्यक्तियों में शुमार कर चुकी है। टाइम ने पिछले साल ममता बनर्जी को 92वें स्थान पर रखा था। ममता की तारीफ में पत्रिका ने लिखा, ‘सांसदों की खरीद-फरोख्त के लिए मशहूर नई दिल्ली के सत्ता के गलियारों में भी उन्होंने अपनी अलग छाप छोड़ी। सड़क पर उन्होंने वामपंथियों को पटखनी दी।’ अपने समर्थकों के बीच ‘दीदी’ के नाम से मशहूर ममता बनर्जी के आलोचक उन्हें अस्थिर मानसिकता वाली नेता कहते हैं। ममता बनर्जी को अक्सर बेहद सादी सूती साड़ी और हवाई चप्पल में देखा जाता है। उनके हाथ में एक कपड़े का थैला होता है और वे जब भी दिल्ली आती हैं तो उन्हें मारूति कार में आते-जाते देखा जाता है। ममता बनर्जी अपने तेवरों के लिए जानी जाती हैं। ममता ने बंगाल की अनदेखी पर रेलमंत्री रामविलास पासवान पर अपनी शाल फेंक दी थी और समाजवादी पार्टी सांसद अमर सिंह का कॉलर भी पकड़ लिया था। ममता बनर्जी का जन्म 1955 में हुआ था। वे जब बहुत कम उम्र की थीं, तभी उनके पिता का निधन हो गया था। ममता बनर्जी ने कलकत्ता विश्वविद्यालय से एलएलबी और एजुकेशन में डिग्री हासिल की है। ममता ने 1970 में कांग्रेस के साथ अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआती की थी। 1997 में ममता ने कांग्रेस छोड़कर ऑल इंडिया तृणमूल कांग्रेस का गठन किया था।