वसुंधरा राजे
राजस्थान की राजनीति में बड़ा नाम बन चुकीं वसुंधरा राजे का जन्म 1953 में मुंबई में हुआ था। वे विजयराजे सिंधिया और ग्वालियर के पूर्व महाराज जिवाजी राव सिंधिया की बेटी हैं। उनकी शुरुआती पढ़ाई-लिखाई तमिलनाडु के कोडाईकैनाल के एक कॉन्वेंट स्कूल में हुई। वसुंधरा ने मुंबई के सोफिया कॉलेज से अर्थशास्त्र और राजनीति विज्ञान में बीए किया। वसुंधरा ने 1982 में राजनीति में कदम रखा था। 1985 में वे पहली बार राजस्थान विधानसभा में बतौर विधायक पहुंची थीं। अटल बिहारी वाजपेयी की एनडीए सरकार में वे केंद्र में मंत्री रह चुकी हैं। वसुंधरा के जीवन में बड़ा मोड़ तब आया जब उनकी अगुवाई में बीजेपी ने 2003 में राजस्थान विधानसभा में बड़ी जीत दर्ज की थी। वसुंधरा के कार्यकाल में राजस्थान में बुनियादी ढांचे का विकास किया गया, लेकिन जातीय हिंसा के दाग भी उनकी सरकार पर लगे। 2013 में राजस्थान में फिर से विधानसभा चुनाव होने जा रहे हैं और इस बात की पूरी संभावना है कि वसुंधरा राजे मुख्यमंत्री के प्रबल दावेदार के तौर पर फिर उभरेंगी। वसुंधरा की शादी धौलपुर के शाही परिवार के हेमंत सिंह से 1972 में हुई थी। लेकिन शादी के कुछ समय बाद ही दोनों अलग हो गए थे। वसुंधरा के बेटे दुष्यंत सिंह झालावाड़ सीट से लोकसभा के सदस्य हैं।