Re: Latest N e w s (एकदम ताज़ा ख़बरें)
इथोपिया के शांति रक्षक की अबयेई हमले में मौत : संयुक्त राष्ट्र
संयुक्त राष्ट्र। सूडान और दक्षिण सूडान के बीच स्थित विवादित अबयेई क्षेत्र में इथोपिया के एक शांति रक्षक और एक शीर्ष कबायली नेता की कल उनके काफिले पर हुए हमले में मौत हो गई और दो अन्य घायल हो गए। संयुक्त राष्ट्र ने कल यह जानकारी दी। संयुक्त राष्ट्र के महासचिव बान की मून ने कहा कि वह इस घटना की ‘कड़ी निंदा’ करते हैं। उन्होंने साथ ही दोनों देशों के बीच संघर्ष को बढ़ने से रोकने सम्बंधी प्रयास किए जाने की अपील की। संयुक्त राष्ट्र के अधिकारियों ने बताया कि कल अबयेई में अरब मिसेरिया कबीले के लोगों ने संयुक्त राष्ट्र शांति रक्षक काफिले को रोका और उस पर हमला कर दिया। काफिले में विरोधी नगोक दिन्का कबीले के नेता कुआल देंग मजोक भी थे, जिन्हें मार डाला गया। बान ने एक बयान में कहा कि अबयेई में संयुक्त राष्ट्र अंतरिम सुरक्षा बल (यूएनआईएसएफए) के दो शांति रक्षक गंभीर रूप से घायल हो गए। यूएनआईएसएफए ईथोपियाई शांति रक्षकों से बना है और इसका गठन सूडान तथा दक्षिण सूडान के बीच तनाव को खत्म करने के लिए किया गया था। दोनों देशों के बीच जुलाई 2011 में हुए अपने बंटवारे के बाद से अबयेई को लेकर विवाद चल रहा है। मिसेरिया कबीले को सूडान का करीबी समझा जाता है, जबकि नगोक दिन्का दक्षिण सूडान का सहयोगी है। संयुक्त राष्ट्र द्वारा जारी किए गए एक बयान में कहा गया कि महासचिव यूएनआईएसएफए काफिले पर मिसेरिया हमलावरों के हमले में नयोक दिन्का के प्रमुख और यूएनआईएसएफए शांति रक्षक की मौत की घटना की कड़ी निंदा करते हैं।
__________________
दूसरों से ऐसा व्यवहार कतई मत करो, जैसा तुम स्वयं से किया जाना पसंद नहीं करोगे ! - प्रभु यीशु
|