योगाशक्ति
प्रधानमंत्रीजी की योगा प्रचार योजना का जनता पर इतना गहरा असर पड़ा कि लोग मिथक का शिकार होकर योगा को हर मर्ज़ की रामबाण औषधि समझने लगे। हमारे पड़ोसी गड्ढा जी को अचानक योगा करते देखकर हमारे दोनों कान खडे़ हो गए। पूछने पर गड्ढा जी ने प्रसन्नतापूर्वक बताया कि वे कार खरीदने के लिए योगा कर रहे हैं। योगा में बड़ी शक्ति है। एक दूधवाले ने हमें बताया कि वह इसलिए योगा कर रहा है जिससे उसकी भैंसे अधिक दूध देने लगें। कुछ सरकारीकर्मियों ने प्रसन्नतापूर्वक हमें बताया कि वे प्रोमोशन और मनचाही जगह पर पोस्टिंग पाने के लिए योगा कर रहे हैं। अौर अधिक खोदने पर पता चला कि खाद्य पदार्थों में मिलावट करने वाले मिलावटखोर तक योगा करने में तन-मन से लगे हैं जिससे कभी पकडे़ न जाएँ। एक वकील साहब तो केस जीतने के लिए योगा करने में व्यस्त थे। एक लड़की ने तो हद कर दी। हमें भेजे गए आई-मेल में पूछा कि क्या योगा करने से उसका प्रेम सफल होगा? सुनकर हम धड़ाम से ज़मीन पर गिर पडे़।
योगाशक्ति के सन्दर्भ में प्रचलित तमाम मिथकों के विरुद्ध प्रचार करने के लिए सूत्र-लेखक ने स्वयं योगा करने का निर्णय लिया है जिससे वे यथाशीघ्र एक हैलीकॉप्टर खरीदकर हैलीकॉप्टर में उड़-उड़ कर चारों ओर पर्चे गिरा सकें और लोगों को यह बता सकें कि योगा हर मर्ज़ की अचूक दवा नहीं है!
Last edited by Rajat Vynar; 19-06-2015 at 06:56 PM.
|