मुंबई फिल्म समारोह में ‘माई लिटिल प्रिंसेस’ को सर्वश्रेष्ठ फिल्म का पुरस्कार
मुंबई ! फ्रेंच फिल्म ‘माई लिटिल प्रिंसेस’ ने 13 वें मुंबई फिल्म समारोह (मामी) में सर्वश्रेष्ठ फिल्म, सर्वश्रेष्ठ निर्देशक और सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री के पुरस्कार जीते। वहीं आस्कर विजेता अभिनेता मोर्गन फ्रीमैन और गीतकार गुलजार को लाइफटाइम अचीवमेंट पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
फ्रीमैन ने पुरस्कार मिलने के बाद भेजे अपने संदेश में कहा, ‘‘काश मैं मुंबई में होता। मैंने हर तरह की भूमिकाएं की है। यह एक लंबी यात्रा है और अभी भी बहुत कुछ करना बाकी है। मुझे उम्मीद है लोगों को मुझे अभिनय करते देखकर अच्छा लगता होगा।’’ फ्रीमैन की ही फिल्म ‘डॉल्फिन टेल’ के प्रदर्शन के साथ 13वां मामी समारोह समाप्त हुआ। वहीं गुलजार ने पुरस्कार मिलने पर कहा कि उन्हें अपने घर में कोई सम्मान मिलने से बहुत खुशी मिलती है।
फ्रेंच फिल्म ‘माई लिटिल प्रिंसेस’ का निर्देशन एवा लोनेन्स्को ने किया है। इस फिल्म ने ‘स्लीपिंग ब्यूटी’, ‘सेंडागल’ और ‘माइकल’ जैसी चर्चित फिल्मों को पीछे छोड़ सर्वश्रेष्ठ फिल्म का पुरस्कार जीता। इसी फिल्म के लिए एवा लोनेन्स्को को सर्वश्रेष्ठ निर्देशक और इसाबेल हुपर्ट एवं अनामारिया वारटोलोमेइ को सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का सिल्वर गेटवे पुरस्कार मिला।
वहीं निर्देशक सेबस्चियन पिलोट की फिल्म ‘द सेल्समैन’ (ल वेंड्योर) को ज्यूरी ग्रैंड प्राइज के लिए सिल्वर गेटवे पुरस्कार मिला। कनाडा की इस फिल्म को 50,000 अमेरिकी डॉलर का नकद पुरस्कार भी मिला। इसी फिल्म के लिए अभिनेता गिल्बर्ट सिकोट को सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का सिल्वर गेटवे पुरस्कार दिया गया।