मुंबई.मशहूर अभिनेता रागेश अस्थाना का आकस्मिक निधन हो गया है। वे 51 साल के थे। गुरूवार (20 मार्च) को सुबह 4.30 बजे उन्होंने मुंबई में आखिरी सांस ली। अपने पूरे करियर में उन्होंने लगभग 80 बॉलीवुड फिल्मों और सीरियल्स में काम किया है। वे कलर्स के पॉपुलर शो 'ससुराल सिमर का' में नजर आ चुके हैं। अचानक उनके दुखद निधन की खबर से अभिनय जगत में शोक की लहर दौड़ गई, लेकिन इस शो के सितारे उन्हें श्रृद्धांजलि देने की बजाय पार्टियों में व्यस्त देखे गए।
रागेश 'ससुराल सिमर का' में एक अहम भूमिका निभा चुके हैं, वे इस शो में सिमर के पड़ोसी के रूप में नजर आए थे। उन्हें कुछ एपिसोड्स के लिए शो में लाया गया था। उनके निधन पर संवेदनशीलता दिखाने की बजाय इस शो के सितारे रश्मि शर्मा के शो 'साथ निभाना साथिया' के 1000 एपिसोड पूरे होने के उपलक्ष्य में दी गई पार्टी में पहुंचे।
शो से जुड़े एक सूत्र ने इस बारे में कहा, " हां, वे हमारे शो का हिस्सा हुआ करते थे, लेकिन लंबे समय से वे इसमें शामिल नहीं थे। खैर, वे एक बहुत अच्छे अभिनेता थे और हमेशा हमें याद आएंगे।"
'ससुराल सिमर का' के अलावा रागेश 'अगले जनम मोहे बिटिया ही कीजो' और 'पालमपुर एक्सप्रेस' में भी अभिनय कर चुके थे। आखिरी बार उन्हें V चैनल के शो 'गुमराह' में देखा गया था।