दीपिका सबसे बड़ी दावेदार
तीरंदाजी में भारत की सबसे बड़ी उम्मीद झारखंड की 18 वर्षीय तीरंदाज दीपिका कुमारी हैं। रांची के एक आटो चालक की इस बेटी ने पिछले कुछ सालों में अंतर्राष्ट्रीय स्तर की विभिन्न प्रतियोगिताओं में सफलता का परचम लहराया है। 2009 में जूनियर विश्व कैडेट तीरंदाजी खिताब जीतने के बाद दीपिका ने दिल्ली में आयोजित राष्ट्रमण्डल खेलों में दोहरा स्वर्ण पदक जीता था। इसके बाद वह एशियाई खेलों में कांस्य पदक जीतने वाली भारतीय महिला टीम में भी शामिल रहीं। विश्व सीनियर तीरंदाजी के विभिन्न चरणों में भी दीपिका का प्रदर्शन शानदार रहा। दीपिका की अगुवाई में भारतीय महिला टीम ने हाल ही में विश्व चैम्पियन दक्षिण कोरिया को भी हराया था।