Re: डार्क सेंट की पाठशाला
न्याय का सम्मान
जो सच है, उसके विपरीत कभी न झुकना ही सच्ची इंसानियत कहलाती है। मनुष्य का पेशा कोई भी हो, जहां तक संभव हो, उसके साथ न्याय जरूर करना चाहिए, क्योंकि पेशे के साथ न्याय करके ही मनुष्य न केवल समाज में ऊंचा उठ सकता है, बल्कि उस पेशे से जुड़े अन्य लोगों के लिए भी वह एक नायाब उदाहरण बन सकता है। जो कर्तव्य है, उसका बगैर किसी के दबाव में आए सही ढंग से पालन करने पर मनुष्य को समाज में ख्याति ही मिलती है, यह तय है। माधव राव मराठा राज्य के पेशवा थे और राम शास्त्री प्रधान न्यायाधीश। न्यायाधीश की नियुक्ति पेशवा करते थे, लेकिन राम शास्त्री के कामकाज में वह कभी हस्तक्षेप नहीं करते थे। एक बार मराठा राज्य के वफादार और पेशवा के करीबी सरदार बिसाजी पंत लेले ने अंग्रेजों का जहाज लूट लिया। फिरंगियों ने इसकी शिकायत राम शास्त्री से की। उन्होंने लेले को न्यायालय के सामने हाजिर होने का आदेश दिया, लेकिन लेले हाजिर नहीं हुए। तब शास्त्री ने आदेश दिया कि उन्हें गिरफ्तार कर हाजिर किया जाए। इससे पूरे राज्य में हड़कंप मच गया। कई सरदारों ने राम शास्त्री की शिकायत माधव राव से की। माधव राव ने राम शास्त्री को बुलवाया और पूछा - आपने लेले को इतना कठोर दंड क्यों दिया? शास्त्री ने कहा - श्रीमंत, अदालत के सामने सब बराबर होते हैं। लेले ने जो अपराध किया है, उसी का दंड उन्हें दिया गया है। माधव राव ने पूछा - क्या यह मराठा राज्य के हित में होगा कि फिरंगियों की शिकायत पर हम अपने ही सरदार को दंडित करें? शास्त्री ने कहा - आपको लेले को क्षमा करने का अधिकार है, लेकिन उस समय न्याय की कुर्सी पर राम शास्त्री नहीं, कोई दूसरा बैठा होगा। माधव राव ने कहा - शास्त्री आप ऐसा न कहें। आप के रहते ही तो मराठा राज्य पूरी तरह सुरक्षित है। शास्त्री बोले - ठीक है कि लेले को फिरंगियों की शिकायत पर दंडित किया गया है, लेकिन राज्य में यदि न्याय के प्रति विश्वास नहीं रहेगा और न्यायालय की अवमानना होगी, तो शासन व्यवस्था को चरमराते देर नहीं लगेगी। माधव राव इस जवाब को सुन निरुत्तर हो गए।
__________________
दूसरों से ऐसा व्यवहार कतई मत करो, जैसा तुम स्वयं से किया जाना पसंद नहीं करोगे ! - प्रभु यीशु
|