Re: इधर-उधर से
अन्ना कैरेनिना : एक असाधारण किताब
(जीवन के शाश्वत , अबूझ रहस्यों और विरोधाभासों को सुलझाने का एक ललित प्रयास)
अन्ना कैरेनिना रशियन समाज की एक संभ्रांत महिला की कहानी है। जो अनैतिक प्रेम संबंध जोड़कर अपने आपको बरबाद कर लेती है। इस उपन्यास में टॉलस्टॉय कदम-कदम पर यह दिखाता है कि समाज कैसे स्त्री और पुरूष के विषय में दोहरे मापदंड रखता है। अन्ना के सगे भाई ओब्लान्सकी के अनैतिक प्रेम संबंध होते है, और न केवल वह अपितु उसके स्तर के कितने ही पुरूष खुद तो पत्नि से धोखा करते है, लेकिन अपनी पत्नियों से वफादारी की मांग करते है। समाज चाहता है कि पत्नि अपने पति की बेवफाई को भूल जाये और उसे माफ कर दे।
अन्ना कैरेनिना एक आकर्षक, करुणापूर्ण और गरिमामंडित महिला है। उसके संपर्क में आने वाले सभी लोग उसका समादर करते है। उससे अभिभूत है। अन्ना का करिश्मा सभी पुरूषों पर असर करता है। सिवाय उसके पति के। उनका विवाह प्रेम-विहीन है। उनका पति संगदिल पुरूष है जिसे सामाजिक दिखावे और अपनी पद-प्रतिष्ठा की फिक्र अधिक है। और अन्ना की भावनाओं और सुख दुःख की कम।
अन्ना एक दहकती हुई आग है। उसमे साहस है, और वांछित सुख को पा लेने की हिम्मत भी। वह उच्च वर्ग की स्त्रियों की रीति और रिवाज को ताक पर रखकर एक सेना अधिकारी ब्रान्सकी के साथ प्रेम करने लगती है। दोनों एक बॉल डांस में मिलते है, और एक दूसरे के प्रेम में पड़ जाते है। इस अवैध प्रेम की राह पर निडरता से आगे बढ़कर अन्ना अपने प्रेम को अपने पति के आगे कबूल करती है।
जब वह पति को छोड़कर ब्रान्सकी के साथ विदेश जाती है तब अपने बेटे से बिछुड़ जाती है। पति बेटे से कहता है कि उसकी मां मर गई। बेटे के जन्म दिन पर वह किसी तरह चोरी छुपे पहुँचती है लेकिन उसकी खुशी कुछ पल जी पाती है क्योंकि उसका पति फौरन उसे पकड़ लेता है और वहां से निकाल बाहर कर देता है। बड़े चाव से लाये हुए खिलौने भी वह अपने बच्चे को नहीं दे पाती है। पति अपने बेटे से कहता है, ‘’इस औरत ने इतना कुकर्म किया है कि वह उसे दुबारा नहीं देख पायेगा। वह बहुत बुरी औरत है।‘’
Last edited by rajnish manga; 02-12-2013 at 06:05 PM.
|