बेंगलुरु. रोहित शर्मा की धमाकेदार डबल सेंचुरी की दम पर टीम इंडिया ने चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेले गए आखिरी वनडे में ऑस्ट्रेलिया को 57 रनों से हराकर सात मैचों की सीरीज 3-2 से जीत ली। रांची और कटक वनडे बारिश के कारण रद्द हो गए थे। रोहित शर्मा को मैन ऑफ द मैच और मैन ऑफ द सीरीज चुना गया।
सीरीज के आखिरी मुकाबले में टीम इंडिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए रोहित शर्मा की 209 रनों की पारी की बदौलत निर्धारित 50 ओवर में छह विकेट पर 383 रन बनाए। रोहित के अलावा कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने 62 व शिखर धवन ने 60 रनों की पारियां खेलीं।
रनों के इस पहाड़ के सामने ऑस्ट्रेलियाई टीम शुरू से ही दबाव में आ गई। एक समय ऑस्ट्रेलिया केवल 211रनों पर 8 विकेट खोकर हार की कगार पर था लेकिन जेम्स फॉल्कनर ने एक बार फिर कंगारुओं के लिए आतिशी शतक बना उलटफेर करने का भरपूर प्रयास किया लेकिन उसके बाद भी कंगारू 326 पर रनों पर ही सिमट गए। ग्लेन मैक्सवेल ने 60 और शेन वाटसन ने 49 रन बनाए।
इससे पहले रोहित शर्मा ने वनडे इतिहास का तीसरा दोहरा शतक जड़ा। वनडे की दूसरी सबसे बड़ी पारी खेलने के साथ ही उन्होंने एक पारी में सर्वाधिक छक्के लगाने का वर्ल्ड रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया। उनसे पहले यह रिकॉर्ड ऑस्ट्रेलिया के शेन वाटसन के नाम था। रोहित ने वाटसन (15) से एक ज्यादा छक्का लगाकर नया कीर्तिमान स्थापित कर दिया।
रोहित ने अपनी पारी में 158 गेंदों का सामना करते हुए 12 चौकों व 16 छक्कों की मदद से 209 रन बनाए।
धोनी का धमाका
कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने मिडल ऑर्डर के फेल होने के बाद रोहित शर्मा संग मोर्चा संभाला। उन्होंने महज 38 गेंदों में 7 चौके व 2 छक्के जड़ते हुए 62 रन बनाए। वे आखिरी गेंद पर दुर्भाग्यवश रन आउट हो गए। जडेजा बिना खाता खोले नॉटआउट रहे।
धोनी ने कप्तानी पारी खेलते हुए रोहित शर्मा संग पांचवें विकेट के लिए 167 रन जोड़े।
टूटा 2009 का रिकॉर्ड
टीम इंडिया ने 383 रन का स्कोर खड़ा कर एक और रिकॉर्ड बनाया। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ यह सबसे बड़ा इंडियन टोटल है। रोहित शर्मा के तूफान में 2009 में बना 7 विकेट पर 354 रन के स्कोर का रिकॉर्ड भी टूट गया।
वनडे में यह इंडिया का ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सबसे बड़ा और ओवरऑल सातवां सबसे बड़ा स्कोर है।