Re: Latest N e w s (एकदम ताज़ा ख़बरें)
पुलिस ने पाक कैदी पर हमला करने वाले की हिरासत मांगी
जम्मू। जम्मू कश्मीर पुलिस ने कहा है कि वह यहां की कोट बलवाल जेल में पाकिस्तानी कैदी पर हमला करने वाले की हिरासत मांगने के लिए अदालत जाएगी। जम्मू जोन के पुलिस महानिरीक्षक राजेश कुमार ने बताया कि हम पाकिस्तानी कैदी पर हमले के सिलसिले में कैदी विनोद कुमार की हिरासत मांगने के लिए अदालत जाएंगे। पाकिस्तानी कैदी 52 वर्षीय सनाउल्ला को शुक्रवार को विवाद के बाद कथित तौर पर विनोद द्वारा गंभीर रूप से घायल कर दिया गया था। पुलिस महानिरीक्षक ने कहा, क्योंकि विनोद पहले ही उम्रकैद की सजा काट रहा है, इसलिए उसे मामले में जांच के लिए पुलिस थाने भेजा जाना जरूरी है। उन्होंने कहा कि मामले में जांच शुरू हो चुकी है और वरिष्ठ पुलिस अधिकारी शनिवार को अपराध स्थल पर गए। राजेश कुमार ने कहा कि सभी महत्वूपर्ण साक्ष्य जुटा लिए गए हैं। मामला बहुत स्पष्ट है। हमले का हथियार ‘एक ईंट’ बरामद कर ली गई है। उन्होंने कहा कि साक्ष्यों को एक-दूसरे से मिलाया जा रहा है और जल्द ही आरोपपत्र दायर कर दिया जाएगा। प्रारंभिक जांच के अनुसार जब विनोद से विवाद हुआ तो सनाउल्ला उस समय जेल के बगीचे में काम कर रहा था। विनोद भूतपूर्प सैनिक है जो अपने साथी सैनिक की हत्या के मामले में उम्रकैद की सजा काट रहा है। उसने पाकिस्तानी कैदी के सिर पर कथित तौर पर ईंट से हमला किया।
__________________
दूसरों से ऐसा व्यवहार कतई मत करो, जैसा तुम स्वयं से किया जाना पसंद नहीं करोगे ! - प्रभु यीशु
|