Re: डार्क सेंट की पाठशाला
दूसरों के लिए आदर्श बनें
कई लोगों की दिनचर्या अस्त-व्यस्त होती है। वे कई प्रकार के रोगों को शरीर में स्थान दे देते हैं। मानसिक रोग भी इसका कारण हो सकता है। व्यर्थ के तनाव से चिड़चिड़ापन पैदा होता है, मानसिक उलझनें रोग का रूप ले लेती हैं। समय पर भोजन न करना, जब मन चाहा, तभी कुछ खा लिया। न समय पर शौच, न समय पर स्नान। न समय पर काम करना। ये सब अव्यवस्थित कार्य हैं और यह एक बड़ी वज़ह है, जो कई रोगों को आमंत्रित करती है। अपने अव्यवस्थित क्रियाकलाप द्वारा आप खुद रोगों को निमंत्रण दे देते हैं। इसमें किसी का क्या दोष? इस अव्यवस्था का सबसे अधिक प्रभाव तो कार्य-व्यवसाय पर पड़ता है। इस बात का हमेशा ध्यान रखें कि जो कुछ भी शारीरिक व्यथा या आर्थिक हानि होती है या सम्मान में कमी होती है, तो उसके लिए हम खुद ही जिम्मेदार हैं। जब इस प्रकार की स्थिति आती है, तो आप उसके कारणों पर ध्यान दें। यदि आप ईमानदारी से विवेचना करेंगे, तो उसके लिए आप अपने आपको ही जिम्मेदार पाएंगे। आप ऐसी स्थिति आने ही क्यों देते हैं ? अपना सारा काम निश्चित समय पर तथा व्यवस्थित ढंग से करने पर शायद ही आपके सामने कोई समस्या आए। सब कुछ व्यवस्थित होने पर भी समस्या आएगी, तो तत्काल उसका हल भी निकल आएगा। समस्या सुलझ जाएगी। आपको किसी खास परेशानी का सामना भी नहीं करना पड़ेगा। जो व्यक्ति अपने जीवन में सफल हैं, उनको देखिए। आपको उनका सब कुछ व्यवस्थित नजर आएगा। महात्मा गांधी का जीवन बहुत ही सादा, पर अत्यंत व्यवस्थित था। उनका हर काम एक व्यवस्था के साथ होता था। उनकी व्यवस्था एक आदर्श थी। उनके आदर्श पर चलें और फिर खुद आप भी दूसरों के लिए आदर्श बनें। घर परिवार से लेकर अपने बाह्य जगत में भी आप अपने आपको व्यवस्थित रखें। जब आप ऐसा करेंगे, तो आपको इसका एक अलग ही आनंद प्राप्त होगा। आपकी कार्यक्षमता भी बढ़ जाएगी। आपका समय व्यर्थ नहीं जाएगा। आपका हर काम ठीक समय पर होगा। आपका जीवन सादा हो या भड़कीला, बिना व्यवस्था के काम करने से सारा मजा ही किरकिरा हो जाता है।
__________________
दूसरों से ऐसा व्यवहार कतई मत करो, जैसा तुम स्वयं से किया जाना पसंद नहीं करोगे ! - प्रभु यीशु
|