Re: Latest N e w s (एकदम ताज़ा ख़बरें)
भारत और पेरू में चार समझौते
लीमा। तेजी से बढ़ते लातिन अमेरिकी देश पेरू के साथ अपने सम्बंधों को नया आयाम देने के लिए भारत ने पेरू के साथ चार समझौतों पर हस्ताक्षर किए, जिनमें से एक रक्षा सहयोग और संयुक्त आयोग की स्थापना किए जाने से सम्बंधित है। बाकी दो अन्य समझौते शिक्षा और संस्कृति के क्षेत्र में सहयोग को लेकर हैं। उप राष्ट्रपति हामिद अंसारी की लातिन अमेरिकी देश की तीन दिवसीय यात्रा की समाप्ति पर कल इन समझौतों पर हस्ताक्षर किए गए। पेरू ने इस यात्रा के दौरान संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के विस्तार में स्थायी सदस्यता के भारत के दावे का भी समर्थन किया। दोनों देशों ने इस बात पर भी जोर दिया कि आतंकवाद को ‘किसी भी रूप में, किसी भी कारण से और किसी के लिए भी सही नहीं ठहराया जा सकता। ऊर्जा और खजिन संपदा से भरपूर देश के साथ सम्बंधों में अर्थव्यवस्था को प्रमुखता प्रदान करने के मकसद से उप राष्ट्रपति ने यात्रा के दौरान इंडियन चैम्बर्स आॅफ कामर्स (इनचैम) की स्थापना भी की, जो पेरू तथा अन्य लातिन अमेरिकी देशों में भारतीय कारोबार और व्यापार को सुगम बनाएगा। इनचैम को ऐसे समय में सक्रिय किया जा रहा है, जब पेरू इस क्षेत्र में भारत के लिए सबसे महत्वपूर्ण कारोबारी साझेदार के रूप में उभर रहा है। अंसारी ने कहा कि नया संगठन उस अंतराल को भरेगा, जो भारत पेरू वाणिज्यिक और आर्थिक सम्बंधों में अभी तक रहा है। इस मौके पर इनचैम की आधिकारिक वेबसाइट का भी उद्घाटन किया गया। कल एक संयुक्त बयान में दोनों देशों ने इस बात को रेखांकित किया कि उनके बीच मुक्त व्यापार समझौते का दोनों देशों की बढ़ती समृद्धि और कल्याण पर ‘सकारात्मक असर’ पड़ेगा। बयान के अनुसार, पेरू इस महत्वपूर्ण विषय पर व्यापक अध्ययन की पहल करने के लिए भारत के प्रयासों का स्वागत करता है, जिसके दोनों देशों के लिए दीर्घकालिक प्रभाव होंगे। इस मौके पर उप राष्ट्रपति अंसारी ने पेरू के राष्ट्रपति ओलांता हुमाला तासो के साथ विशेष मुलाकात की और उन्हें भारत यात्रा का निमंत्रण दिया जिसे उन्होंने स्वीकार कर लिया। अंसारी इसके बाद आज क्यूबा के लिए रवाना होंगे, जहां भारत के किसी अति विशिष्ट व्यक्ति की कम्युनिस्ट देश की पहली द्विपक्षीय यात्रा होगी। क्यूबा के साथ भारत के रिश्ते गहरे और ऐतिहासिक हैं। भारत और पेरू के बीच द्विपक्षीय कारोबार तेजी से बढ़ रहा है और पिछले पांच साल में इसमें सात गुना वृद्धि हुई है। पिछले साल इसकी वृद्धि दर 35 फीसदी थी। इस वर्ष की पहली छमाही में इसमें 44 फीसदी से अधिक की वृद्धि हुई है। पेरू में भी भारत का निवेश बढ़ रहा है। यहां भारतीय कंपनियों के कार्यालयों की संख्या में भी इजाफा हुआ है और यहां काम करने वाले भारतीय पेशेवरों की संख्या भी बढ़ी है। अंसारी और उनके पेरू के समकक्ष मारिसोल एस्पिनोजा की मौजूदगी में केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद, पेरू में भारतीय राजदूत मनप्रीत वोहरा, संस्कृति मंत्रालय के सचिव रवीन्द्र सिंह ने भारत की ओर से समझौतों पर हस्ताक्षर किए।
__________________
दूसरों से ऐसा व्यवहार कतई मत करो, जैसा तुम स्वयं से किया जाना पसंद नहीं करोगे ! - प्रभु यीशु
|