Re: डार्क सेंट की पाठशाला
कामयाबी के पैमाने
हर दौर में समाज में सफलता का एक निश्चित पैमाना होता है। हम उसी पर लोगों को कसने के आदी हो जाते हैं, लेकिन ज्यों ही कोई उन्हीं पैमानों पर सफल होता है, खुद सफलता का उसका पैमाना बदल जाता है। इसलिए हम बहुत से सफल व्यक्तियों को असंतुष्ट पाते हैं। ऐसे लोग एक समय के बाद खुद को विफल मानना शुरू कर देते हैं। असल में हमारी इच्छाओं का अंत नहीं है। बहुत सी चीजें पा लेने के बाद भी लोग दूसरों से अपनी तुलना करते रहते हैं। जो भी चीज उनके पास नहीं होती, उसे लेकर परेशान हो जाते हैं। संभव है कि एक सफल व्यक्ति किसी को आराम करता देख दुखी हो जाए और यह सोच कर ही खुद को विफल घोषित कर दे कि उसके जीवन में सुकून नहीं है। इसीलिए संतों-विचारकों ने सफलता की अवधारणा को हमेशा संदेह की नजर से देखा, क्योंकि यह हमेशा अस्थिर रहती है। ऊपरी तौर पर भले ही इसका निश्चित रूप दिखाई देता है, किन्तु हमारे मन के भीतर यह रूप बदलती रहती है। सफल होने के लिए जरूरी है कि हम आगे देखते रहें और भविष्य की सोचें। विकसित देश तो पचास वर्ष आगे तक की योजना तैयार करके रखते हैं, लेकिन व्यक्ति के संदर्भ में मामला उलटा है। बाहर की दुनिया में भले ही वह आगे की सोचे, पर आंतरिक दुनिया में वह अक्सर पीछे भी लौटता रहता है। हम जब भी अकेले होते हैं, अपने अतीत के बारे में सोचते हैं। बीते हुए सुख को ही नहीं, दुख को भी याद करते हैं। सफलता के शिखर पर बैठा शख्स भी स्मृति में जरूर लौटता है। कितना अच्छा हो कि हम अपने बाहरी यानी सामाजिक जीवन में भी इसी तरह पीछे लौटते रहें। अगर कोई समृद्ध व्यक्ति अपने पुराने अभाव के दिनों को याद करता रहे, तो संभव है उसका वर्तमान ज्यादा सुखी हो। वह संवेदनशील बने और दूसरों के दुख को भी समझे। हालांकि आम तौर पर लोग दोहरा जीवन जीते हैं। वह अपने मन को अपने रोजमर्रा जीवन से अलग रखते हैं। अगर हर आदमी अंदर और बाहर एक जैसा हो जाए, तो दुनिया अवश्य ही थोड़ी बेहतर हो सकती है।
__________________
दूसरों से ऐसा व्यवहार कतई मत करो, जैसा तुम स्वयं से किया जाना पसंद नहीं करोगे ! - प्रभु यीशु
|