Re: एकदम ताज़ा ख़बरें
हजारिका की कमी महसूस करेगा अरूणाचल प्रदेश
ईटानगर ! अरूणाचल प्रदेश में जाने-माने गायक और संगीतकार भूपेन हजारिका के निधन पर आज शोक का माहौल है। वह भावनात्मक तौर पर इस प्रांत से जुडे हुए थे। राज्य के मुख्यमंत्री नाबाम टुकी ने कहा कि यह निरूत्साहित करने वाली खबर है। उन्होंने दिए संदेश में कहा, ‘‘ हमलोगों ने इस क्षेत्र की एक पहचान और अरूणाचल प्रदेश के महान दोस्त, दार्शनिक और मार्गदर्शक को खो दिया है।’’ अरूणाचल प्रदेश लिटरेरी सोसायटी (एपीएलएस) ने भी हजारिका के निधन पर गहरा शोक जताया है। हजारिका ने इस पर्वतीय राज्य की प्राकृतिक खूबसूरती पर अनेक गाने तैयार किए थे। एपीएलएस के अध्यक्ष और साहित्य अकादमी पुरस्कार से सम्मानित वाई डी थोंगची ने कहा कि उनके निधन के साथ अरूणाचल प्रदेश ने अपने एक महान प्रशंसक को खो दिया है। हजारिका ने 1977 में बने इस राज्य की पहली रंगीन हिन्दी फीचर फिल्म ‘मेरी मां मेरा धर्म’ का निर्माण, निर्देशन और संगीत दिया था। इसके अलावा हजारिका ने 1977 में अरूणाचल प्रदेश सरकार के जनजातीय लोक संगीत और नृत्य पर बने रंगीन डॉक्यूमेंट्री ‘फोर हूम द सन शाइनेज’ का भी निर्देशन किया था। 1977 में, राज्य सरकार ने सिनेमा और संगीत के जरिये जनजातीय कल्याण और संस्कृति में योगदान के लिए उन्हें सम्मानित किया था।
__________________
दूसरों से ऐसा व्यवहार कतई मत करो, जैसा तुम स्वयं से किया जाना पसंद नहीं करोगे ! - प्रभु यीशु
|