Re: रोचक समाचार
यहां सदियों से कांपती है जमीन और आती हैं रहस्यमयी आवाजें
अमेरिका के कनेक्टिकट स्टेट की मिडलेसेक्स काउंटी के ईस्टहैडम में एक इलाका है मूडस। सदियों से इस इलाके में मूडस नदी के पास जमीन के भीतर से रहस्यमयी आवाजें आती हैं और जमीन के अंदर कंपन भी होता है। ऐसा वहां कुछ सौ गज के इलाके में और करीब एक मील गहराई में होता है। स्थानीय लोग इसके लिए दुष्ट राक्षसों को जिम्मेदार ठहराते हैं। वे लोग इस इलाके को ‘मैचिटमूडस’ कहते हैं।
स्थानीय भाषा में इसका अर्थ बुरी आवाजों वाली जगह होता है। यहां के माउंट टॉम पहाड़ के पास स्थित केव हिल रिसॉर्ट से सबसे ज्यादा आवाजें आती हैं। 1670 के दशक में यहां बसे पुरिटन लोगों ने भी ऐसी आवाजें सुनी थीं। उन लोगों ने इन्हें शैतान से जोड़ा था। वक्त-वक्त पर यहां से आने वाली इन आवाजों और कंपन का कारण आज तक समझा नहीं जा सका है।
कुछ लोगों को लगता है कि इसकी वजह दूर कहीं बिजली गिरना या फिर तोप चलना है। वैज्ञानिक भी इसके कई कारण बताते हैं, जैसे कि जिनकी वजह से भूकंप आते हैं। फिर भी किसी कारण के पीछे ठोस दलील नहीं दी जा सकी है। कोई यह नहीं बता सका है कि यह आवाजें क्यों आती हैं? ये आवाजें एक खास जगह और एक खास गहराई से ही क्यों उत्पन्न होती हैं।
वहां प्रचलित कहानियों के अनुसार वैंगक ने इन आवाजों पर एक धर्म बना लिया था। उनका मानना था कि यह जगह हॉबामॉक देवता का आवास थी। यूरोपियन लोगों के यहां आने से वे नाराज हो गए थे। सत्रहवीं शताब्दी में यहां बसे यूरोपियन इसे दो चुड़ैलों की लड़ाई से भी जोड़ते थे। 1760 के दशक में इन आवाजों से विचलित होकर किंग जॉर्ज ने भी डॉक्टर स्टील को इसकी जांच करने भेजा था।
|