मिस्र में हिंसक संघर्ष के बाद 179 गिरफ्तार
काहिरा । काहिरा में सेना और प्रदर्शनकारियों के बीच हिंसक झड़पों के बाद मिस्र के सैन्य अभियोजक ने 179 लोगों को हिरासत में लेने का निर्देश दिया है। सेना के सूत्र ने बताया कि काहिरा में शुक्रवार को रक्षा मंत्रालय के बाहर 320 लोगों को गिरफ्तार किए जाने के बाद अभियोजकों ने 13 महिलाओं सहित 179 लोगों को 15 दिनों तक जांच चलने तक हिरासत में रखने का फैसला किया। देर रात पांच घंटे तक चली पूछताछ के बाद हिरासत में लिए गए लोगों पर सैन्य अधिकारियों और सैनिकों के साथ दुर्व्यवहार, सैन्य क्षेत्र में जाने, सैन्य बलों को अपना काम नहीं करने देने का आरोप लगाया है। बहरहाल, गिरफ्तार लोगों ने इन आरोपों को खारिज कर दिया है। शुक्रवार को सैन्य विरोधी प्रदर्शनकारियों और सैनिकों के बीच सैन्य मंत्रालय के निकट अब्बासिया में संघर्ष हुआ, जिसमें एक सैनिक सहित दो लोग मारे गए और करीब 300 लोग जख्मी हो गए।