Re: डार्क सेंट की पाठशाला
राजा के सवाल
कभी-कभी मनुष्य के सामने यह यक्ष प्रश्न खड़ा हो जाता है कि वह जो कुछ कर रहा है, वह सही भी है या नहीं। आम तौर पर इंसान ऐसे सवालों का जवाब खुद ढूंढ ही नहीं पाता, क्योंकि उसे ऐेसा ही लगता है कि वह जो कह या कर रहा है, वह उचित ही है। ऐसे में इंसान को चाहिए कि वह किसी के जरिए इसे जानने का प्रयास करे। इसके लिए उसे कोई योग्य पात्र भी ढूंढना पड़ेगा। योग्य पात्र मिलने पर उस इंसान को अपने सवाल का जवाब जरूर मिल जाएगा। किसी जमाने में एक राजा अपने पास आने वाले सभी लोगों से तीन प्रश्न पूछता। पहला - व्यक्तियों में सर्वश्रेष्ठ कौन है? दूसरा - सर्वोत्तम समय कौन सा है? तीसरा - सर्वश्रेष्ठ कर्म क्या है? अनेक लोग अपने तरीके से उत्तर देते, पर वह संतुष्ट नहीं होता था। एक दिन राजा जंगल में इधर-उधर भटकता हुआ एक कुटिया में पहुंचा। वहां एक साधु पौधों में पानी डाल रहा था। राजा पर नजर पड़ते ही साधु अपना काम छोड़कर राजा के लिए ठंडा पानी और फल लेकर आ गया। उसी समय एक घायल व्यक्ति भी वहां आ पहुंचा। अब साधु राजा को छोड़ कर उस व्यक्ति की सेवा में लग गया। उसने उसके घाव धोए और उस पर जड़ी-बूटी का लेप किया। जब उस आदमी को थोड़ा आराम मिला, तो राजा ने वही तीनों सवाल साधु से पूछे। साधु ने कहा - आपने अभी-अभी मेरा जो व्यवहार देखा, उसी में इन प्रश्नों के उत्तर मौजूद हैं। राजा ने पूछा-कैसे? साधु ने समझाया - जब आप कुटिया में आए, तो मैं पौधों को सींच रहा था, जो मेरा कर्तव्य था, लेकिन आप आ गए, तो मैं अतिथि के स्वागत में लग गया। जब मैं आपकी भूख-प्यास शांत कर रहा था, तब यह घायल व्यक्ति आ गया। मैं अतिथि सेवा का कर्तव्य त्याग कर इसकी चिकित्सा में लग गया। जो भी आपकी सेवा प्राप्त करने आए, उस समय वही सर्वश्रेष्ठ मनुष्य है। उसकी जो सेवा हम करते हैं, वही सर्वोत्तम कर्म है और कोई भी कार्य करने के लिए वर्तमान ही सर्वोत्तम समय है। उसके अलावा कोई और समय नहीं है। राजा को साधु से अपने तीनों सवालों का सही जवाब मिल गया। वह साधु को प्रणाम कर वापस अपने राज्य को चला गया।
__________________
दूसरों से ऐसा व्यवहार कतई मत करो, जैसा तुम स्वयं से किया जाना पसंद नहीं करोगे ! - प्रभु यीशु
|