02-06-2013, 08:38 PM | #11 |
Super Moderator
Join Date: Aug 2012
Location: Faridabad, Haryana, India
Posts: 13,293
Rep Power: 241 |
Re: पौराणिक कथायें एवम् मिथक
ग्रीक मिथक
आरफियस और युरेडिस (सभी मित्रों ने सावित्री सत्यवान की कथा तो जरूर पढ़ी और सुनी होगी जिसके अनुसार सत्यवान की मृत्यु हो जाने के पश्चात् सावित्री यमराज का पीछा करती है और अपनी बुद्धिमत्ता से यमराज को मजबूर कर देती है कि वह उसके प्राण लौटा दे. आईये यहां आपको एक ऐसी ग्रीक पुरा कथा के बारे में बताते हैं जहां एक पति ने अपनी प्रिय पत्नि के प्राण वापिस पाने के लिए यमलोक तक की यात्रा की और अपने उद्देश्य में कामयाब भी हो गया लेकिन थोड़ी सी गलती के कारण उसे पुनः खो देता है) आरफियस ग्रीक पुराण कथाओं का दिव्य वीणावादक था. वह केलिओप नामक अप्सरा का पुत्र था और अपनी मां की तरह ही खूबसूरत था. उसकी प्रिया थी वनदेवी युरेडिस जिसे वह अपनी जान से ज्यादा चाहता था. एक दिन सर्पदंश से युरेडिस की मृत्यु हो गयी. विषाद में वह बहुत तड़पा और रोया, मन प्राण के सारे दर्द को अपने वीणा वादन में ढाल कर वह अपनी प्रिया की खोज में निकल पड़ा और स्टिक्स और टाइबर नदी को पार करने के बाद यमलोक पहुँच गया और वहां के देवता हेड्स के सामने जा कर अपनी पीड़ा उनके सामने कह सुनाई. हेड्स और उसकी प्रिया पर्सिफ़ोन को उसकी दशा पर दया आ गयी और उन्होंने युरेडिस को मृत्यु-बंधन से मुक्त कर दिया. लेकिन आरफियस को हिदायत दी गयी कि जब तक यमलोक की सीमा समाप्त न हो जाये तब तक वह पीछे मुड़ कर न देखे. सो, आगे आगे आरफियस और पीछे पीछे युरेडिस मगन मन से वहां से चल पड़े. आरफियस के संगीत की धुन बदल गयी थी. बहुत देर तक आरफियस ने अपने मन पर नियंत्रण रखा कि पीछे मुद कर अपनी प्रिया की ओर न देखे लेकिन यमलोक की सीमा के नज़दीक आते ही उसका धैर्य जवाब दे गया. वह अधीर हो कर पीछे मुड़ कर देखने लगा. जैसे ही उसने ऐसा किया एक चीख मार कर युरेडिस यमलोक की ओर वापिस खिंचने लगी और देखते देखते धुयें की तरह लोप हो गयी. आरफियस पछाड़ खा कर गिर पड़ा. पर अब क्या हो सकता था. वह मृत्यु से अपनी लड़ाई हार चुका था. ** |
Bookmarks |
Tags |
पौराणिक आख्यान, पौराणिक मिथक, greek mythology, indian mythology, myth, mythology, roman mythology |
|
|