08-12-2010, 12:13 PM | #1 |
Exclusive Member
Join Date: Oct 2010
Location: Bihar
Posts: 6,259
Rep Power: 34 |
~!!चन्द्रकान्ता!!~
चन्द्रकान्ता भाग 1
चन्द्रकान्ता: हिन्दी उपन्यास की आधारशिला प्रेमचन्द-पूर्ववर्ती हिन्दी उपन्यास-साहित्य में दो प्रमुख धारायें प्रवाहित होती दिखाई देती हैं, जिनमें से प्रथम धारा भारतेन्दुयुगीन सुधारवादी नैतिकता प्रधान सामाजिक उपन्यासों की धारा है, जिसका प्रतिनिधित्व लाला श्रीनिवास दास के ‘परीक्षा गुरू’ में मिलता है, और उसकी दूसरी धारा जिसे तिलिस्मी-ऐयारी एवं जासूसी उपन्यास की संज्ञा प्राप्त है, उसके सर्वाधिक चर्चित लेखक बाबू देवकीनन्दन खत्री हैं, और उनकी कलम का जादू है ‘चन्द्रकान्ता’। हम यह निस्संकोच रूप से मानकर चले हैं कि प्रेमचन्द-पूर्ववर्ती उपन्यासकारों में बाबू देवकीनन्दन खत्री सर्वाधिक लोकप्रिय कथाकार हैं और ‘चन्द्रकान्ता’ उनकी प्रथम मौलिक औपन्यासिक सर्जना होते हुए भी उनकी कीर्ति का आधार-स्तम्भ बन गयी है। इसे इन्होंने ‘तिलिस्मी ऐयारी’ उपन्यास का अभिधान दिया है। हिन्दी की यही एकमात्र मात्र ऐसी औपन्यासिक रचना है जिसने तत्कालीन जन साधारण में उपन्यास पढ़ने की प्रवृत्ति जाग्रत की तथा असंख्य निरक्षर उर्दूदां लोगों को हिन्दी सीखने के लिए प्रेरित किया। यदि यह कहा जाये कि इसी रचना ने पहली बार हिन्दी पाठकों को कथारस से अवगत कराकर उन्हें अभिभूत कर लिया तो कोई अतिशयोक्ति न होगी। अपने युग में (और बहुत बाद तक भी) ‘चन्द्रकान्ता’ का जादू इस प्रकार छाया रहा था कि लोग उपन्यास को उपन्यास न कहकर ‘चन्द्रकान्ता’ कहने लगे थे। जैसे मध्यकालीन भावुक भक्त कवि ‘रसखान’ अपने सवैयों की सरसता और मधुरता के कारण ‘सवैये’ के पर्याय बन गये थे, उसी प्रकार ‘चन्द्रकान्ता’ उपन्यास अपने कथा-रस के कारण ‘उपन्यास’ का समानक लगने लगा था। एक अविच्छिन्न, अजस्त्र और अद्भुत प्रवाह है इसके कथा विस्तार में, और अनन्त कौतूहल इसका प्राण है। भारतीय साहित्य संग्रह का जो कार्य पुस्तक.आर्ग ने सन् 2004 में आरंभ किया है, उसके कार्यकाल में अभी तक सबसे ज्यादा बिकने वाली पुस्तक भी चन्द्रकान्ता ही रही है। इसकी माँग हमारे पास अमेरिका, कनाडा, जापान, मलेशिया और यहाँ तक कि अफ्रीका में कार्यरत भारतीय करते रहे हैं। भारतवर्ष में तो इसकी लोकप्रियता पाठकों में है ही। पुस्तक.आर्ग इस पुस्तक का प्रथम भाग बेबसाईट पर पढ़ने के लिए उपलब्ध करवा रही है, और भविष्य में अन्य भागों और चन्द्रकान्ता सन्तति को भी उपलब्ध करवायेगी। ‘चन्द्रकान्ता’ (सन् 1888) को मूलत: और प्रमुखत: एक प्रेम-कथा कहा जा सकता है। चार हिस्सों में विभाजित इस उपन्यास की कथा अनायास ही हमें मध्यकालीन प्रेमाख्यानक काव्यों का स्मरण कराती है। इस प्रेम-कथा में अलौकिक और अतिप्राकृतिक तत्त्वों का प्राय: अभाव है और न ही इसे आध्यात्मिक रंग में रंगने का ही प्रयास किया गया है। यह शुद्ध लौकिक * प्रेम-कहानी है, जिसमें तिलिस्मी और ऐयारी के अनेक चमत्कार पाठक को चमत्कृत करते हैं। नौगढ़ के राजा सुरेन्द्रसिंह के पुत्र वीरेन्द्रसिंह तथा विजयगढ़ के राजा जयसिंह की पुत्री चन्द्रकान्ता के प्रणय और परिणय की कथा उपन्यास की प्रमुख कथा है। इस प्रेम कथा के साथ-साथ ऐयार तेजसिंह तथा ऐयारा चपला की प्रेम-कहानी भी अनेकत्र झलकती है। विजयगढ़ के दीवान कुपथसिंह का पुत्र क्रूरसिंह इस उपन्यास का खलनायक है। वह राजकुमारी को हथियाने के लिए अनेक षड्यन्त्र रचता है। नाज़िम और अहमद जैसे ऐयार उसके सहायक हैं परन्तु अपने कुकृत्यों के अनुरूप ही उसका अन्त हो जाता है। चुनार का राजा शिवदत्तसिंह भी असत् अथवा खल पात्रों की श्रेणी में आता है। वह भी क्रूरसिंह से प्रेरित होकर चन्द्रकान्ता की प्राप्ति का विफल प्रयत्न करता है। वह विजयगढ़ पर आक्रमण करता है, परन्तु नौगढ़ एवं विजयगढ़ के शासकों और वीरेन्द्रसिंह की वीरता तथा जीतसिंह, तेजसिंह, देवीसिंह आदि ऐयारों के प्रयत्न से परास्त होता है। इन ऐयारों की सहायता से वीरेन्द्रसिंह अनेक कठिनाइयों और बाधाओं का सामना करता हुआ तिलिस्म को तोड़ता है और चन्द्रकान्ता को मुक्त कराता है। इस तिलिस्म से उसे अपार सम्पदा प्राप्त होती है और वह चन्द्रकान्ता का पाणिग्रहण करता है। चपला तेजसिंह की परिणीता बनती है और चम्पा का देवीसिंह से विवाह होता है। हूण और मुगल आक्रमणकारियों के समय से भारत में नारियों का सम्मान कम हुआ और क्रमशः पर्दा प्रथा आदि कुरीतियाँ भारतीय जीवन पर अपना प्रभाव दिखाने लगीं कि आज के समय में सामान्य व्यक्ति पर्दा प्रथा को भारतीय देन समझता है। इस उपन्यास में भी कुछ मिश्रित प्रभाव दिखाई देता है। एक तरफ तो ऐयारी जैसा कार्य जिसमें काफी जोख़िम और साहस का प्रदर्शन करना होता है उसमें चपला, चम्पा तथा आगे के भागों में मनोरमा, गौहर आदि बढ़-चढ़कर भाग लेती बताईं गईं है, वहीं राज परिवार कभी-कभी इसी प्रथा का अभ्यास करते भी दिखे हैं। |
Bookmarks |
Tags |
chandrakanta |
|
|